कासगंज के गांव जियाउद्दीन में सोमवार शाम घर के बाहर बैठे युवक की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक नीरज कुमार (25) हलवाई का काम करता था। वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई। एएसपी और सीओ सर्किल फोर्स समेत मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी गांव पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है लेकिन नीरज का अपनी पत्नी से तलाक को लेकर एक साल से कोर्ट केस चल रहा था। जमीन को लेकर चाचा से विवाद था। उस पर बीते साल छेड़छाड़ का भी केस दर्ज हुआ था। कोतवाली पुलिस सभी एंगल से जांच में जुटी है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। नीरज कुमार सोमवार की शाम करीब 4 बजे घर के बाहर चबूतरे पर बैठा था। इस बीच बाइक से आए बदमाशों ने पीछे से नीरज के सिर में गोली मार दी। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के वक्त घर पर कोई मौजूद नहीं था। मां प्रवेश कुमारी बाहर गई थीं। वह लौटकर घर आईं तो नीरज का खून से लथपथ शव चबूतरे पर उल्टा पड़ा था। यह देखकर उनकी चीख निकल गई। चीख-पुकार सुन मौके पर भीड़ जमा हो गई। हमलावरों की संख्या तीन से पांच के बीच बताई जा रही है। सूचना पर एएसपी सुशील कुमार, सदर सीओ आंचल चौहान सर्किल और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। हत्या की वजह अभी साफ नहीं हो सकी है। एएसपी ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। हमलावरों की तलाश की जा रही है।