कासगंज में रेलवे सुरक्षा बल व सीनियर सेक्शन इंजीनियर कार्य की संयुक्त टीम ने सोमवार को रेलवे भूमि से अतिक्रमण हटवाने के लिए अभियान चलाया गया। इस दौरान चांड़ी चौराहा, जीआरपी बैरक सहित अन्य स्थानों से अतिक्रमण हटाया गया। साथ ही लोगों को दोबारा अतिक्रमण करने पर रेलवे एक्ट में कार्रवाई करने की चेतवानी दी गई। चांड़ी चौराहा के पास रेलवे की भूमि पर कुछ लोगों ने खोखा रखकर दुकानें खोल ली थीं। वहीं कुछ जीआरपी बैरक के पास मवेशी बांध रहे थे। अन्य स्थानों पर बिटौरों को रेलवे की भूमि में रख लिया गया था। रेलवे ने एक सप्ताह पूर्व सभी अतिक्रमण करने वालों को नोटिस जारी कर स्थान खाली करने के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके जमीन खाली नहीं की गई। इस पर सोमवार को अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाया गया। रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म संख्या 5 के सामने जीआरपी बैरक के पास उपले, बिटोरे एवं गोबर के ढेर जेसीबी मशीन से हटाए गए। अभियान के दौरान करीब 55 अस्थाई निर्माण को रेलवे भूमि से हटाया गया। सीनियर सेक्शन इंजीनियर कार्य राकेश कुमार गौतम ने बताया कि अतिक्रमण करने वालों को दोबारा से अतिक्रमण करने पर रेलवे एक्ट के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई। इस दौरान सीनियर सेक्शन इंजीनियर रेल पथ नरेश कुमार मीणा ,आरपीएफ उप निरीक्षक भारती तोमरस, मुख्य कार्यालय अधीक्षक सतीश चंद्र पाल, राजकरण मिश्रा, प्रवीण कुमार, विश्राम सिंह, नितिन कुमार प्रेमी सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे ।