कासगंज के सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव फरीदपुर में शनिवार की रात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाया। चोर मकान का जाल काटकर अंदर घुसे और लाखों के जेवर सहित नकदी चोरी कर ले गए। गांव निवासी मुकेश कुमार पुत्र चरन सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 3 जनवरी को वह परिवार के साथ एक रिश्तेदारी में गए हुए थे। इसी का फायदा उठाकर देर रात करीब 1 बजे अज्ञात चोरों ने घर का पिछला जाल काट दिया। शातिर चोरों ने घर में रखी 4 सोने की चूड़ियां, 2 सोने की चेन, चांदी की पेटी, 5 सोने की अंगूठी, चांदी की पायल, सोने का हार, टीका, नथनी और 2 लाख रुपये की नगदी चोरी कर ली। चोरों ने आसपास के घरों के दरवाजों को बाहर से कपड़ों से बांध दिया ताकि कोई बाहर न निकल सके। रविवार की सुबह घटना का पता चला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है।