कासगंज के थाना सहावर क्षेत्र के गांव खाता फरीदपुर में मंगलवार को ग्रामीणों ने गांव से कुछ दूरी पर स्थित एक खेत में कदम के पेड़ से एक युवक का शव लटका देखा। मृतक की पहचान सत्यपाल (42) पुत्र सुखराम के रूप में हुई है, जो मूल रूप से म्योला कादरगंज थाना सिकंदरपुर वैश्य का निवासी था। वह बहनोई वीरपाल के यहां खाता फरीदपुर में करीब छह साल से रह रहा था। मंगलवार की सुबह करीब 8 बजे ग्रामीणों ने सत्यपाल को गमछे से फंदे पर लटका देखा तो घटना की जानकारी तुरंत सहावर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतारा। एएसपी सुशील कुमार और सीओ सहावर शाहिदा नसरीन ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। सीओ सहावर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।