पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण की ओर से चलाए जा रहे साइबर जागरूकता अभियान के तहत बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन स्थित ऑडिटोरियम में अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ और पुलिस उपमहानिरीक्षक अलीगढ़ परिक्षेत्र प्रभाकर चौधरी की उपस्थिति में साइबर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला को पुलिस महानिदेशक ने वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में बढ़ते साइबर अपराधों की चुनौती, पुलिस बल की तकनीकी क्षमता के सुदृढ़ीकरण, साइबर जागरूकता अभियानों का विस्तार किए जाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यशाला का शुभारंभ एडीजी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। उन्होंने कहा कि डिजिटल अरेस्ट और वीडियो कॉल ब्लैकमेल जैसे नए फ्रॉड से सतर्क रहने की जरूरत है। इसमें वाट्सएप के माध्यम से वीडियो कॉल कर सामने वाले का फेस यूज कर एआई के माध्यम से अश्लील वीडियो बनाए जाते हैं। इसके बाद अश्लील वीडियो भेजकर ब्लैकमेल किया जाता है। कई मामलों में पुलिस अधिकारी बनकर वीडियो कॉल पर गिरफ्तारी का डर भी दिखाया जाता है। इनके झांसे में नहीं आए। उन्होंने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन वेबसाइट या सोशल मीडिया पर दिए जाने वाले प्रलोभन में न पड़े, अन्यथा आपके साथ साइबर फ्रॉड हो सकता है। डीआईजी ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी लगातार साइबर अपराध से बचने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसके अलावा स्कूल और कॉलेज में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से छात्रों को जागरूक किया जा रहा है। एसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि अब साइबर अपराधी केवल ओटीपी तक सीमित नहीं रह गए हैं। वह अनजान लिंक और एपीके फाइल बनाकर लोगों के साथ ठगी कर रहे हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपने निजी जानकारी शेयर न करें। किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। कार्यशाला में साइबर एक्सपर्ट अमित कुमार दुबे ने विभिन्न प्रकार की फेक वेबसाइट, पासवर्ड, और साइबर स्कैम के बारे में जानकारी दी। छात्रों को उनके मोबाइल में विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्राइवेसी संबंधी जानकारी देकर जागरूक किया। बताया कि सभी लोगों को मल्टी फैक्टर ऑथेंटिकेशन अपनाना चाहिए। इसे सभी महत्वपूर्ण एकाउंट जैसे बैंक, ई-मेल, सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर लागू करना चाहिए। इससे आपका खाता सिर्फ पासवर्ड से सुरक्षित नहीं रहेगा, बल्कि एक और लेयर जैसे ओटीपी से भी सुरक्षित रहेगा। उन्होंने कहा कि स्पैम, फिशिंग ई-मेल एवं संदिग्ध लिंक वाले मेल से बचें और अपने एकाउंट के पासवर्ड को थोड़े समय के अंतराल पर बदलते रहे। कार्यशाला में डीएम प्रणय सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा श्याम नारायण सिंह, पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अलीगढ़ अमृत जैन आदि अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान विभिन्न कॉलेजों से आए शिक्षक, छात्र और व्यापारी मौजूद रहे।