हाईवे पर सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। मंगलवार को फिर थाना क्षेत्र के श्योंदी गांव के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर मौत हो गई। उधर हादसे के बाद चालक के मय वाहन के मौके से भागने पर ग्रामीणों आक्रोश व्याप्त हो गया। इससे पहले आक्रोशित लोग सड़क पर जाम लगाते, पुलिस ने शव को मौके से हटा दिया। जनपद फतेहपुर के खदरा, औंग निवासी अंशू (32) कानपुर से बाइक पर परीक्षा देने हमीरपुर जा रहा था। तभी श्योंदी गांव के पास हाइवे पर किसी वाहन ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर मौत हो गई। खबर मिलने पर मौके में पहुंचे एनएचआई के बचाव दल ने एंबुलेंस की मदद से युवक के शव को किसी तरह सीएचसी भेजा। जहां से पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर हादसे की खबर मिलने पर पहुंचें परिजन अंशू का शव देख कर बदहवास हो गए। देखते ही देखते माहौल गमगीन हो गया। कार्यवाहक थाना प्रभारी खुर्शीद अहमद ने बताया कि परिजनों को सूचना देकर शव को पीएम के लिए भेजा गया है।