उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल कानपुर इकाई के पदाधिकारियों की बैठक सोमवार को लाजपतनगर स्थित कार्यालय में हुई। इसमें प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन ई-मेल किया गया। इसमें जीएसटी पंजीकृत व्यापारियों की दुकान, फैक्टरी जलने पर उनकी वार्षिक बिक्री के रिटर्न के अनुसार दोगुना मुआवजा देने की मांग की। शिक्षक संघ और स्नातक एमएलसी की तर्ज पर प्रत्येक मंडल से एक व्यापारी एमएलसी का चुनाव कराने की मांग उठाई गई। अध्यक्ष कपिल सब्बरवाल ने कहा कि एक देश-एक चुनाव, एक देश- एक टैक्स की भांति देश में सभी पंजीकृत व्यापारियों के विभिन्न विभागों के लाइसेंस खत्म करके केवल एक दुकान-एक लाइसेंस बनाने की नीति लागू की जाए। सभी जीएसटी पंजीकृत व्यापारियों का स्वास्थ्य बीमा सरकारी कर्मचारियों की तरह किया जाए। मार्ग दुर्घटना बीमा को 10 लाख से बढ़कर 25 लाख रुपये किया जाए। बैठक में सौरभ गुप्ता, रणजीत सिंह, बब्बू, डॉ. दीपक, अंकुर गुप्ता, उज्जवल अग्रवाल, गौरव, प्रीतपाल सिंह, राजीव मेहता, सुशांत अरोड़ा मौजूद थे।