किदवई नगर इलाके में पिता-पुत्र की चाकू मारकर हत्या किए जाने के मामले में मंगलवार को कानपुर मार्बल एसोसिएशन के पदाधिकारियों और व्यापारियों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने डीएम को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। एसोसिएशन ने मांग की कि हत्यारोपियों को मृत्युदंड दिया जाए और उनके घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की जाए। घटना को लेकर व्यापारी समाज में भारी आक्रोश देखने को मिला। व्यापारियों ने बताया कि दो दिन पहले रात में किदवई नगर स्थित कनक मार्बल्स में कार्यरत कर्मचारी शिवनारायण त्रिवेदी, उनके पुत्र शिवम त्रिवेदी और सत्यम त्रिवेदी काम खत्म कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान मामूली विवाद में कुछ बदमाशों ने उन पर चाकुओं से हमला कर दिया। हमले में पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि सत्यम घायल हो गया। एसोसिएशन के महामंत्री हिमांशु पाल ने कहा कि यह घटना बेहद निंदनीय और भयावह है। उन्होंने कहा कि अपराधियों पर ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए जिससे भविष्य में कोई अपराधी इस तरह की घटना करने की हिम्मत न कर सके।