तुलसी दिवस और क्रिसमस पर्व गुरुवार को धूमधाम से मनाया गया। कई शिक्षण संस्थानों में सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ ही विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। विज्ञान प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं ने एक से एक मॉडल बनाकर पेश किए, जिसे लोगों ने खूब सराहा। कंचन नगर स्थित महर्षि दयानंद सरस्वती मिशन इंटर कॉलेज में तुलसी दिवस व क्रिसमस पर्व के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विज्ञान प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें छात्रों ने जेट पंप, अंतरिक्ष यात्रा, जल संचयन, बिजली बचाए जाने के वाले संयंत्र आदि के मॉडल बनाकर उनका प्रदर्शन किया। स्कूल के संस्थापक पुरूषोत्तम नारायण शुक्ला ने तुलसी के पौधे की पूजा कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान प्रबंधक प्रभात शुक्ला, मंयक शुक्ला, विराट शुक्ला, सुषमा श्रीवास्तव आदि मौजूद रहीं। उधर, अली नगर स्थित चर्च को सजाया गया। सहारा कल्याण संस्थान की ओर से कोतवाली गेट के सामने क्रिसमस मनाया। यहां मुन्ना सोनी, पुत्ती लाल, जयपाल साहू, रवि शंकर, राजेश व संतोष आदि मौजूद रहे।