विद्युत से जुड़ी खराबी का पता लगाने के लिए आईआईटी कानपुर के स्मार्ट मैटेरियल्स, स्ट्रक्चर्स एंड सिस्टम्स (एसएमएसएस) लैब में सबस्टेशन इंस्पेक्शन रोबोट ‘सर’ विकसित किया गया है। इसे दिल्ली में नौ से 11 मार्च तक आयोजित ग्रिडकॉन 2025 में आधिकारिक तौर पर पावरग्रिड को सौंप दिया है। इस दौरान केंद्र सरकार के ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल और पावर ग्रिड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक रवींद्र कुमार त्यागी के सामने रोबोट का सफल प्रदर्शन भी किया गया। पावरग्रिड के सहयोग से आईआईटी कानपुर ने स्वायत्त मोबाइल रोबोट ‘सर’ को विकसित किया है। यह रोबोट बिजली संबंधित खराबी का पता लगाने के अलावा सब-स्टेशनों पर निरीक्षण का काम भी करेगा। पनकी स्थित सब-स्टेशन पर इसका परीक्षण किया जा चुका है। यह एआई-संचालित नेविगेशन, लिडार, डेप्थ कैमरा, आईआर और मोशन सेंसर्स पर काम करता है। यह मोबाइल रोबोट है, जो बिजली सबस्टेशन के अंदर आराम से घूम सकता है और कम समय में खराबी ढूंढ लेता है।