अमृत पेयजल योजना के अंतर्गत जल निगम भूमिगत पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़कों की खोदाई करने के बाद बिना मरम्मत कराए ही छोड़ दे रहा हैं। ऐसे में लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही है। नाथूखेड़ा से रहमत नगर होकर परमसुखखेड़ा की ओर जाने वाले मार्ग पर एक साल पहले ही गंगाघाट नगर पालिका ने करीब 20 लाख की लागत से इंटर लॉकिंग सड़क का निर्माण कराया था। हाल ही में खोदाई के बाद मरम्मत न कराने से यह सड़क चलने लायक नहीं रह गई है। अमृत भारत पेयजल योजना के अंतर्गत नगरीय क्षेत्र में जल निगम की ओेर से भूमिगत पाइप लाइन डालने का कार्य तीन साल पहले शुरू कराया गया था। मुख्य मार्गों पर पाइप लाइन डालने के बाद अब आबादी क्षेत्र के मोहल्लों में कार्य जारी है। लेकिन विभाग के ठेकेदार लापरवाही बरत रहे हैं। पाइप लाइन डालने के बाद खोदी गई सड़कों की मरम्मत नहीं करा रहे हैं। यही नहीं जहां सड़क दोबारा बनाई भी गईं तो वहां काम चलाऊ कार्य कराया गया। ऐसे में जगह-जगह सड़कें धंस रही है। मोहल्ला नाथू खेड़ सरकारी स्कूल से लेकर परमसुखखेड़ा मोड़ तक करीब 200 लंबी सड़क पर पालिका की ओर से करीब 20 लाख की लागत से इंटरलॉकिंग बिछाकर सड़क एक साल पहले ही बनाई गईं थी, जिसे पाइप लाइन डालने के लिए खोदाई करने के बाद जस का तस छोड़ दिया गया है। नगर की कई अन्य सड़कों का भी यही हाल है। उधर, जल निगम के एई सुनील कुमार ने बताया कि यदि ऐसा हो रहा है को ठेकेदार को सड़क की मरम्मत कराने के लिए कहा जाएगा।