आगरा से वाराणसी जा रही रोडवेज की जनरथ बस रनिया के पास ट्रक में पीछे से जा टकराई। हादसे में बस में सवार एक यात्री व चालक की मौत हो गई, जबकि 22 लोग घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। जहां से छह की हालत गंभीर होने पर हैलेट कानपुर रेफर कर दिया गया। रात डेढ़ बजे के करीब ताज डिपो आगरा की बस रनिया थाना क्षेत्र के मंटोरा पुल के ऊपर आगे चल रहे एक ट्रक में पीछे से जा घुसी। बस का अगला हिस्सा एक साइड से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस की केबिन में सवार सहयोगी चालक भूपेंद्र सिंह (52)निवासी बिंदु कटरा टुकपुरा आगरा, परिचालक अनिल कुमार (30) डीह राजस्थान समेत 22 लोग घायल हो गए। बस के ट्रक में टकराने से हुई तेज आवाज से पीछे की ओर बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।