ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) की महानगर कमेटी के पदाधिकारियों ने शनिवार को पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार को ज्ञापन देकर पैगंबर साहब पर अभद्र टिप्पणी करने वाले यति नरसिंहानंद सरस्वती के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। वहीं, कैंट विधायक मोहम्मद हसन रूमी ने भी डीसीपी पूर्वी को ज्ञापन सौंप कर कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि 29 सितंबर को लोहियानगर स्थित हिंदी भवन में एक सेवा संस्थान की ओर से आयोजित कार्यक्रम में डासना मंदिर में महंत यति नरसिंहानंद सरस्वती ने अपने भाषण में धर्म विशेष के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की थी। विवाद के बाद गाजियाबाद पुलिस ने धार्मिक भावनाओं को भड़काने और आपत्तिजनक बयान देने के मामले में यति नरसिंहानंद के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। अब कानपुर में भी एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है। कैंट विधायक मोहम्मद हसन रूमी ने डीसीपी पूर्वी के जरिए यदि नरसिंहानंद पर कार्रवाई की मांग को लेकर राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा है। विधायक ने कहा कि आपत्तिजनक टिप्पणी से सबकी भावनाएं आहत हो रही हैं। ऐसे में यति नरसिंहानंद के खिलाफ एनएसए (रासुका) की कार्रवाई की जाए।