नगर के नवीन गंगापुल पर सुबह एक ई-रिक्शा और दोपहर में एक लोडर खराब हो जाने के कारण जाम रहा। इससे राहगीरों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ीं। सुबह डेढ़ तो दोपहर में एक घंटे तक जाम राहगीरों को जूझना पड़ा। वहीं, जाम में फंसी एक एंबुलेंस को पुलिस ने किसी तरह से निकाला। मंगलवार सुबह 9:30 से 11 बजे तक नवीन गंगापुल पर जाम रहा। पुल मार्ग पर सवारियां भरकर कानपुर की ओर जा रहा एक ई-रिक्शा जैसे ही पुल मोड़ की चढ़ाई पर पहुंचा वह खराब हो गया। ऐसे में कुछ ही देर में छोटे बड़े वाहन मार्ग सकरा होने से फंसने लगे और जाम लग गया। इधर पुल मोड़ के पास वाहन फंसने से राजधानी मार्ग दुर्गा मंदिर मोड़ तक वाहनों की लंबी कतार लग गईं। इसी बीच शुक्लागंज से कानपुर की ओर मरीज लेकर जा रही एक प्राइवेट एंबलेंस भी पुल मोड़ के जाम में फंस गईं जिसे मौके पर मौजूद कोतवाली गंगाघाट पुलिस के जवानों ने निकलवाते हुए जाम खुलवाया। वहीं दोपहर करीब ढ़ाई बजे कानपुर से शुक्लागंज की ओर जा रहा एक लोडर पुल ढाल पर खराब हो गया। इससे दोनों छोर से आने जाने वाले वाहन फंस गए और जाम लग गया। पुलिस ने खराब लोडर को किसी तरह से हटवाया। इस कारण 3:30 बजे तक जाम रहा। ऐसे में राहगीरों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ीं।