महापौर प्रमिला पांडेय ने कर्नलगंज की संकरी गली में बंद पड़े करीब 125 साल पुराने श्री राधा-माधव मंदिर को खुलवाया। मंदिर के गेट पर लगा ताला ईंट से तोड़कर महापौर के साथ लोग अंदर पहुंचे और दर्शन किए। महापौर सोमवार को लुधौरा में मंदिरों की हालत देखने गईं थीं। इस दौरान उन्होंने तीन मंदिरों का निरीक्षण किया। महापौर सबसे पहले कर्नलगंज खटिकाना गईं। इलाके के लोगों ने बताया कि पूर्व में यहां एक मंदिर था जिस पर कब्जा कर इमारत बना दी गई। अवशेष के रूप में एक बड़ा पीपल का पेड़ व उसके चारों ओर चबूतरा आज भी है जो इमारत के अंदर ही बना है। लोगों ने बताया कि पहले मंदिर में पूजा होती थी, लोग शादियां करते थे लेकिन 10 साल पहले इसे तोड़कर कब्जा कर लिया गया। मंदिर की जगह यहां कपड़े सिलाई की फैक्टरी चल रही थी, मूर्तियां गायब थी।