कानपुर के महाराजपुर पेट्रोल पंपों पर वर्तमान में ईंधन की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है, हालांकि प्रबंधन ने एहतियात के तौर पर बिक्री के नियमों में कुछ बदलाव किए हैं। महाराजपुर के प्रमुख पंपों पर आने वाले उपभोक्ताओं को जरूरत के मुताबिक ईंधन तो मिल रहा है, लेकिन स्टॉक सुरक्षित रखने के लिए 20 लीटर से अधिक तेल देने पर रोक लगा दी गई है। राजश्री फ्यूल्स के मैनेजर राज तिवारी ने बताया कि फिलहाल स्टॉक में कोई कमी नहीं है और पंप पर आने वाले हर वाहन को ईंधन दिया जा रहा है। हालांकि, किसी भी एक ग्राहक को 20 लीटर से ज्यादा ईंधन नहीं दिया जा रहा है। वहीं, तोमर फिलिंग स्टेशन के मैनेजर राजेश सिंह ने स्पष्ट किया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन सुरक्षा और स्टॉक प्रबंधन के मद्देनजर केन या डिब्बों में तेल देने पर पाबंदी लगा दी गई है। फतेहपुर बॉर्डर स्थित पुरवामीर छिवली नदी के पास बने सिद्धि फिलिंग स्टेशन के मैनेजर मयंक चौहान ने भी पुष्टि की कि पंप पर अफरा-तफरी जैसी कोई स्थिति नहीं है। उन्होंने कहा कि भंडारण (होर्डिंग) को रोकने के लिए केवल उन्हीं वाहनों को ईंधन दिया जा रहा है जो पंप पर पहुंच रहे हैं।