कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने अवैध निर्माण और अवैध प्लाटिंग के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए बुधवार को प्रवर्तन जोन-3 में बड़ा ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। यह कार्रवाई केडीए उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक और सचिव अभय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर की गई। विशेष कार्याधिकारी सत शुक्ला के नेतृत्व में ग्राम बिनगवां स्थित आराजी संख्या-70 और 71 में की गई अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया गया। केडीए अधिकारियों के अनुसार प्रभाकर एवं अन्य लोगों द्वारा लगभग 10 बीघा क्षेत्रफल में बिना अनुमति अवैध प्लाटिंग का कार्य किया गया था। ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान अवैध रूप से बनाई गई बाउंड्रीवाल, डिमार्केशन, बिजली के खंभे और अन्य निर्माणों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई में तीन जेसीबी मशीनों का इस्तेमाल किया गया।