पनकी पड़ाव रेलवे क्रॉसिंग पर फाटक बंद होने के बावजूद रेलवे ट्रैक पार करने की लापरवाही दो युवकों की जान ले गई। बृहस्पतिवार रात करीब 7:45 बजे कानपुर से इटावा की ओर जा रही ऊंचाहार एक्सप्रेस ने ट्रैक पार कर रहे एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी। ट्रेन उसे करीब 100 मीटर तक घसीटती ले गई। इस दौरान उसके ठीक पीछे आ रहा करीब 30 वर्षीय दूसरा युवक भी ट्रेन की चपेट में आ गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान संजीव कुमार उर्फ संजू (35) पुत्र भीखम सिंह के रूप में हुई। वह मैनपुरी जिले के किशनी थाना क्षेत्र के समान कटरा गांव का रहने वाला था। उसका ससुराल गजनेर में है। दूसरे मृतक की पहचान नहीं हो सकी। हादसे का पूरा घटनाक्रम क्रॉसिंग पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। फुटेज में ट्रेन की चपेट में आने और युवकों के उसकी चपेट में आने का दृश्य बेहद भयावह है। वीडियो देखकर हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। सूचना पर पहुंची जीआरपी पनकी ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दूसरे युवक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।