नगर निगम की ओर से विजयनगर गंदा नाला में पन्नियों और अन्य फ्लोटिंग मटेरियल को रोकने व निकालने के लिए लगाई गई ट्रेस बूम मशीन लंबे समय से बंद पड़ी है। मशीन का पट्टा खराब होने के कारण सफाई कार्य पूरी तरह ठप हो गया है। हैरानी की बात यह है कि करीब 85 लाख रुपये की लागत से स्थापित मशीन की मरम्मत में केवल डेढ़ लाख रुपये का खर्च बताया जा रहा है, लेकिन अब तक पट्टा नहीं बदला गया। मशीन बंद रहने से नाले में बहने वाली पन्नियां, प्लास्टिक और अन्य कचरा सीधे पांडु नदी में पहुंच रहा है। इससे नदी का प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मशीन चालू रहने के दौरान रोजाना 500 से 600 किलो तक फ्लोटिंग मटेरियल निकाला जाता था। इसके बाद कचरे को पनकी स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट भेजा जाता था।