महाराजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुढ़वा में बीती रात अज्ञात चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये का सामान साफ कर दिया। चोरों ने दुकानों के साइड शटर की पट्टी तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार वैष्णवी जनरल स्टोर के प्रोपराइटर गोपेश की परचून की दुकान से चोर सिगरेट, पान मसाला, बीड़ी, तंबाकू समेत नगदी और अन्य कीमती सामान उठा ले गए। अनुमानित नुकसान लाखों रुपये में बताया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर अपना कॉलिंग सेंटर के प्रोपराइटर कमलेश कनौजिया की इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में भी चोरी हुई। चोर यहां से पंखे, मोटर, कंप्रेसर, एलईडी बल्ब सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर ले गए। सुबह दुकान खोलने पहुंचे व्यापारियों को घटना की जानकारी हुई तो उनके होश उड़ गए। सूचना पर आसपास के दुकानदार और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना से व्यापारियों में दहशत का माहौल है। पीड़ितों ने महाराजपुर थानाध्यक्ष से आग्रह किया है कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की तत्काल जांच कराकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों दुकानों का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।