नरवल थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के अंदर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित विपिन यादव ने बताया कि मामला 23 अक्टूबर का है पुरानी खुन्नस के चलते आरोपियों ने घेर कर लाठी डंडो से पीट पीट कर अधमरा कर दिया था। जिसके बाद नरवल थाने में विपिन यादव पुत्र रमेश यादव द्वारा मामला दर्ज कराया गया था। भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं हत्या का प्रयास,बलवा, स्वेच्छा से चोट पहुंचाना सहित कई धाराओं में मामला दर्ज कराया गया था। मामले में नामजद पांच अभियुक्तों में से पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों प्रियांशु विश्वकर्मा पुत्र धर्म सिंह निवासी रायपुर उम्र 21 वर्ष,अक्षय उर्फ राजा पुत्र नरेंद्र सिंह निवासी शिशुपुर उम्र 21 वर्ष, शुभम सिंह उर्फ गोलू पुत्र सुरेंद्र सिंह निवासी शिशुपुर उम्र 20 वर्ष को बीती रात टौंस रोड से दीपापुर जाने वाले बंबा के किनारे से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार और 02 अदद रक्त रंजित लाठी/डंडा बरामद किया है। कार को धारा 207 एमवी एक्ट में सीज किया गया है। नरवल थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि वादी विपिन यादव से उनका पूर्व में वर्ष 2024 में विवाद हुआ था, जिसका मुकदमा 85/2024 पहले से थाने में दर्ज है। इसी रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई कर न्यायालय के समक्ष भेजा जा रहा है।