नरवल तहसील क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मण खेड़ा में मंगलवार को प्रशासन ने अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सरकारी भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कराया और जमीन को कब्जामुक्त कराया। इस अभियान का नेतृत्व नायब तहसीलदार शिखा शुक्ला ने किया, जो उपजिलाधिकारी विवेक कुमार मिश्रा के निर्देश पर संचालित हुआ। जांच में पाया गया कि कुछ लोग सरकारी भूमि पर अवैध रूप से बीस से पच्चीस लाख रुपए की ग्राम समाज की भूमि पर प्लाटिंग कर बेचने की तैयारी कर रहे थे। प्रशासन ने तत्काल सीमांकन और निर्माण हटवाकर भूमि पर सरकारी स्वामित्व का बोर्ड लगवा दिया। मौके पर मौजूद लोगों को चेतावनी दी गई कि दोबारा कब्जा करने की कोशिश पर सख्त विधिक कार्रवाई होगी। उपजिलाधिकारी ने कहा कि जिले में अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार अभियान चल रहा है और किसी भी कीमत पर सरकारी भूमि पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने आम जनता से अपील की कि यदि कहीं अवैध कब्जा दिखे तो तुरंत सूचना दें। इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों ने संतोष व्यक्त किया और इसे सराहनीय कदम बताया।