कानपुर के कारवालो नगर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कार्यालय में रविवार को हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा फाउंडेशन के कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक सुबह 11 बजे शुरू हुई, जिसमें नवंबर माह में प्रस्तावित सेवा मेला की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए फाउंडेशन के राष्ट्रीय संयोजक गुणवंत कोठारी ने कहा कि संगठन देशभर में विभिन्न स्थानों पर सेवा मेला आयोजित कर चुका है और अब कानपुर महानगर में भी नवंबर में एक भव्य सेवा मेला आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन के संस्थापक अंतरराष्ट्रीय अर्थशास्त्री एस गुरुमूर्ति की सामाजिक पारिस्थितिकी की अवधारणा के तहत बच्चों में संस्कार निर्माण, सामाजिक संतुलन और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर कार्य किया जा रहा है।