इस्कॉन मंदिर में रविवार को प्रेम, भक्ति व आनंद के प्रतीक झूलन यात्रा महोत्सव का शुभारंभ हुआ। श्रद्धालुओं ने श्री राधा माधव के दर्शन कर उन्हें झूला झुलाया। मंदिर परिसर को फूलों और लताओं से वृंदावन की तरह सजाया गया। संकीर्तन से परिसर कृष्ण भक्ति से सराबोर रहा। मंदिर अध्यक्ष प्रेम हरिनाम प्रभु ने नगरवासियों को महोत्सव में शामिल होने का आमंत्रण दिया। झूलन यात्रा 28 अगस्त तक प्रतिदिन शाम सात बजे आयोजित होगी। इसी दिन भगवान श्री कृष्ण के बड़े भ्राता श्री बलराम का प्राकट्य उत्सव भी मनाया जाएगा। इसके बाद इस्कॉन मंदिर में 3 से 6 सितंबर तक जन्माष्टमी महोत्सव होगा। चार सितंबर को श्री कृष्ण जन्माष्टमी तथा पांच सितंबर को इस्कॉन संस्थापक आचार्य श्रील प्रभुपाद की व्यास पूजा होगी।