महाराजपुर क्षेत्र में आज सुबह से ही मौसम ने अचानक करवट ले ली है। तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। घने कोहरे ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले रखा है। सर्दी का प्रकोप इतना बढ़ गया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोग सुबह से ही घरों में दुबके नजर आए। वहीं खेतों में काम कर रहे किसानों के बीच मौसम को लेकर अलग अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। नरवल तहसील के अंतर्गत आने वाले कई गांवों में आज सूर्य देवता के दर्शन तक नहीं हुए। कोहरे की चादर पूरे दिन छाई रही ऐसे में कुछ किसान फसलों को लेकर चिंतित दिखे तो कुछ किसान इस मौसम को अपनी फसलों के लिए लाभकारी बता रहे हैं। सिकठिया गांव के किसान राघवेंद्र तिवारी ने बताया कि सर्दियों में कोहरा गेहूं की फसल के लिए बेहद फायदेमंद होता है लेकिन आलू और लाही जैसी फसलों पर इसका विपरीत प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती ठंड और कोहरा इन फसलों को नुकसान पहुंचा सकता है।