नगर निगम में शनिवार को एक मिसाल कायम हुई। सेवानिवृत्त होने वाले 16 कर्मचारियों को उनकी सेवानिवृत्ति की तिथि पर ही समस्त देयकों का भुगतान कर दिया गया। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने दोपहर 12 बजे निगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन बुक के साथ भविष्य निधि, ग्रेच्युटी और अवकाश नगदीकरण की राशि प्रदान की। इन कर्मचारियों में सात सफाई कर्मचारी, दो लिपिक, तीन बेलदार, एक स्विचमैन, एक भिस्ती, एक ग्रेव डिगर और एक चपरासी शामिल हैं। नगर आयुक्त ने कहा कि कर्मचारियों के देयकों को लेकर नगर निगम पूरी तरह सजग है। जनवरी माह में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों के भुगतान के लिए समिति गठित की गई है, ताकि उन्हें रिटायरमेंट के बाद बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और न ही न्यायालय की शरण लेनी पड़े। उन्होंने बताया कि उपादान मद में 1.49 करोड़ रुपये, भविष्य निधि में 56.90 लाख रुपये और अवकाश नगदीकरण में 1.02 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने समय पर भुगतान मिलने पर संतोष जताया और निगम प्रशासन का आभार व्यक्त किया।