कानपुर में स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत यात्री जन कल्याण समिति (रजिस्टर्ड उत्तर प्रदेश) की ओर से मां बारा देवी प्रांगण में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान की शुरुआत समिति के संरक्षक विकास अग्रवाल ने की। इसके बाद समिति के सदस्यों ने मंदिर परिसर और दीवारों के चारों ओर जमी पान मसाले की पीक और अन्य गंदगी को फिनायल और तेजाब डालकर साफ किया। समिति के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि स्वच्छता हर व्यक्ति की दिनचर्या का हिस्सा बननी चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति को स्वच्छता के प्रति जागरूक होना चाहिए। उन्होंने आने वाले नवरात्रि पर्व को देखते हुए श्रद्धालुओं से प्रसाद में पॉलिथीन का प्रयोग न करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि समिति का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। प्रदेश सचिव मंजू पांडेय ने मंदिर प्रांगण में मौजूद एक नवेली दुल्हन को भी स्वच्छता अभियान से जोड़ते हुए उसे झाड़ू लगाने के लिए प्रेरित किया। संरक्षक विकास अग्रवाल ने कहा कि समिति के इस प्रयास से लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरणा मिलेगी।