केडीए ने अवैध निर्माण व अनधिकृत प्लाटिंग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को कटरी ख्यौरा-बनियापुरवा में अवैध प्लाटिंग ध्वस्त की। जोन-1बी के प्रभारी विशेष कार्य अधिकारी डॉ रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। विशेष कार्य अधिकारी ने बताया कि कटरी ख्यौरा, बनियापुरवा (पानी की टंकी के पास) करीब 11 बीघा में अवैध प्लाटिंग की जा रही थी, जिसे ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान संजय, तुलसीराम व अन्य द्वारा बिना प्राधिकरण से तलपट मानचित्र स्वीकृत कराए विकसित की जा रही प्लाटिंग पर तीन जेसीबी मशीनों से रोड, नाला, बाउंड्रीवाल, बिजली के खंभे, पिलर, एंट्री गेट और अन्य निशानदेही पूरी तरह हटाई गई। इसके साथ ही प्रतापपुर हरी, संडीला और नवाबगंज के पास के क्षेत्रों में 3500, 2500 और 1000 वर्गमीटर में चल रही प्लाटिंग को चिन्हित कर संबंधित विकासकर्ताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। समय पर संतोषजनक जवाब न मिलने पर सीलिंग व ध्वस्तीकरण की कार्रवाई होगी।