बिठूर थाना क्षेत्र के सिंहपुर-बिठूर मार्ग स्थित युगम इंटरनेशनल स्कूल में रविवार को ब्रेन ओ ब्रेन संस्था की ओर से वंडर किड परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा के दौरान कुछ अभिभावकों ने बच्चों की परीक्षा समय से पहले समाप्त कराने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया और पुलिस को सूचना दे दी। अभिभावकों का आरोप था कि कुछ बच्चों की परीक्षा निर्धारित समय से पहले समाप्त करा दी गई, जबकि दूसरी कक्षा में बच्चे परीक्षा देते रहे। इसको लेकर मौके पर कुछ देर हंगामे की स्थिति बनी रही। मामले में ब्रेन ओ ब्रेन संस्था के रीजनल डायरेक्टर अनुराग खेतान ने बताया कि एक कक्षा में परीक्षा सात मिनट देरी से शुरू हुई थी। इसलिए उस कक्षा के बच्चों की परीक्षा भी सात मिनट अतिरिक्त समय तक कराई गई। अन्य कक्षाओं में परीक्षा निर्धारित समय के अनुसार ही समाप्त हुई।