सरसौल क्षेत्र स्थित श्रीमती रामकली इकबाल बहादुर ऑनलाइन सेंटर में रविवार को आयोजित एसएससी जीडी परीक्षा के दौरान पेपर लीक और समय से पहले प्रश्नपत्र बांटने के आरोप में भारी हंगामा हो गया। नाराज अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र के बाहर विरोध प्रदर्शन करते हुए महाराजपुर हाईवे जाम कर दिया। जानकारी के अनुसार परीक्षा दोपहर एक बजे शुरू होनी थी। आरोप है कि कुछ अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले ही परीक्षा केंद्र के अंदर बुला लिया गया था, जबकि कई अभ्यर्थी बाहर ही मौजूद थे। इसी दौरान प्रश्नपत्र बांटे जाने की सूचना बाहर पहुंची तो अभ्यर्थियों में आक्रोश फैल गया। अभ्यर्थियों का आरोप था कि परीक्षा शुरू होने से पहले पेपर बांटने से पेपर लीक होने की आशंका पैदा हो गई और परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो गए। देखते ही देखते परीक्षा केंद्र के बाहर शोर-शराबा और हंगामा शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर परीक्षा केंद्र प्रशासन ने परीक्षा दे रहे सभी अभ्यर्थियों को बाहर निकाल दिया। इसके बाद गुस्साए अभ्यर्थियों ने महाराजपुर हाईवे पर बैठकर जाम लगा दिया। अभ्यर्थियों ने परीक्षा निरस्त करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।