बिरहर इलाके के असेनिया गांव में बुधवार सुबह एक अनियंत्रित कार की टक्कर से बिजली का खंभा धराशायी हो गया। जानकारी के अनुसार, एक कार सवार संकरी गली के अंदर अपनी गाड़ी मोड़ने का प्रयास कर रहा था। तभी कार खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खंभा बीच से टूट गया। गनीमत रही कि हादसे के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। घटना के तुरंत बाद कार सवार मौके से वाहन लेकर फरार हो गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना बिजली विभाग को दे दी है, जिसके बाद इलाके की आपूर्ति बाधित है।