विकास खंड पतारा में मंगलवार शाम मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने ब्लॉक परिसर में बने अन्नपूर्णा भवन, कार्यालय व शौचालय का निरीक्षण किया और इसके बाद वो पतारा सीएचसी पहुंच गई। वहां उन्हें गंदगी स्टाफ की अनुपस्थिति और डिलीवरी रूम में अनियमितताएं देखने को मिली । बीडियो कार्यालय का निरीक्षण कर मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने अलमारी में रखी स्थापना, सेवा पुस्तिका, आवास की पत्रावलियों का निरीक्षण कर सभी पत्रावलियां अधूरी देख नाराजगी जाहिर कर समय रहते पूरा करने के सख्त निर्देश दिए । वहीं राष्ट्रीय आजीविका मिशन कार्यालय का भी निरीक्षण कर लक्ष्य के अनुसार कार्य पूरा न देख कर लापरवाही के लिए जिम्मेदारों को लताड़ लाई। ब्लॉक कार्यालय के पीछे परिसर का निरीक्षण कर गंदगी और क्षतिग्रत शौचालय देख नाराजगी जाहिर करते हुए बीडीओ को परिसर की साफ सफाई कराने के निर्देश के साथ अपने पटल का कार्य न करने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए । उपस्थित रजिस्टर में बिना सूचना के अनुपस्थित ड्राइवर खलील अहमद और टीए सोमेंद्र अवस्थी को अनुपस्थित कर एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया। इसके बाद वह पतारा सीएचसी पहुंची जहां पूरा स्टाफ इधर उधर मिला। मौके में उपस्थित अधीक्षक अभिषेक कटियार को समय से पहले अस्पताल का स्टाफ गायब होने के लिए फटकार लगाई। उन्होंने डिलीवरी रूम में पड़े गंदी बेड शीट, टूटे बेड और शौचालय में मिली गंदगी, उपस्थिति रजिस्टर में गड़बड़ी के लिए डॉक्टर को फटकार लगाई। बिना सूचना अनुपस्थित टेक्निशियन अमन वर्मा , फार्मासिस्ट अर्चना कटियार, स्टाफ नर्स अरुणा शाहू, लता चौहान ,अल्पना गौतम का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया और लापरवाही के लिए लिखित जवाब मांगा। इस दौरान ब्लॉक व सीएचसी के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।