चकेरी पुलिस और क्राइम ब्रांच की स्वॉट टीम ने धीरेंद्र उर्फ दीनू उपाध्याय के भतीजे मनु उपाध्याय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उस पर चकेरी थाने में जमीन कब्जाने, धमकी देने और 50 लाख की रंगदारी मांगने की एफआईआर हुई थी। पुलिस मनु की तलाश कर रही थी, इस बीच उसका प्रयागराज में सुराग लगा और टीम ने उसे पुरा मुफ्ती क्षेत्र से दबोच लिया। दीनू उपाध्याय के साथियों के साथ ही पुलिस उसके भतीजे की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। उस पर शहर के कई थानों में विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज है। कुछ दिन पहले लखनऊ के गोमतीनगर थाने में भी हत्या के प्रयास की एफआईआर हुई थी। एसीपी चकेरी अभिषेक पांडेय ने बताया कि तीन नवंबर 2022 को लालबंगला निवासी मनोज कुमार गुप्ता ने चकेरी थाने में जमीन पर कब्जा करने, धमकी देने, मारपीट करने, बेटे से 25 हजार रुपये छीनने और 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें अनूप शुक्ला, नीरज दुबे, मनु उपाध्याय, अमन शुक्ला, राम भरोसे दबे, दीपक जादौन समेत 20 से 25 लोग आरोपी हैं।