राजधानी मार्ग स्थित न्यू पीएचसी की बिल्डिंग में छतों व दीवारों में जगह-जगह दरार पड़ गई है।मुख्य द्वार पर प्लास्टर लटक रहा है। इसकी वजह से मरीजों के साथ ही मेडिकल स्टॉफ को हर वक्त हादसे का डर सताता रहता है। न्यू पीएचसी प्रभारी का कहना है कि इसकी जानकारी सीएमओ डॉ. सत्यप्रकाश को वह दे चुके हैं। मालूम हो कि वर्ष 2017 में कायाकल्प योजना के अंतर्गत सीएचसी की बिल्डिंग की मरम्मत कराई गई थी। इसके बाद दोबारा नहीं हुई है। ऐसे में परिसर में कई जगह छतों व दीवारों में दरार पड़ गई है, साथ ही प्लास्टर भी उखड़ने लगा है। अस्पताल के मुख्य द्वार पर छज्जे का प्लास्टर लटककर गिरने की दशा में है। सीएचसी में रोजाना 150 से 200 मरीज आते हैं। ऐसे में हादसे का डर बना रहता है। उधर, न्यू पीएचसी प्रभारी डॉ. राजेश चंद्रा ने बताया कि इस बारे में सीएमओ कार्यालय को पत्र भेजा जा चुका है। वहीं, सीएमओ डॉ.सत्यप्रकाश ने बताया कि इसे दिखवा कर मरम्मत का कार्य कराया जाएगा।