आषाढ़ माह की द्वितीया पर मौसी के घर गए भगवान जगन्नाथ शुक्रवार को बाहुड़ दशमी के अवसर पर भव्य रथयात्रा के साथ अपने धाम बैकुंठपुर लौट आए। रथ शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे मार्ग पर जय जगन्नाथ के जयकारे गूंजते रहे। भगवान जगन्नाथ आषाढ़ माह की द्वितीया को बैकुंठपुर स्थित अपने धाम से रथ पर सवार होकर बैरी कल्याणपुर स्थित मां दुर्गा मंदिर पहुंचे थे। शुक्रवार को विधि-विधान से आरती और पूजन के बाद भगवान को पुनः रथ पर विराजमान कर शोभायात्रा निकाली गई। रथयात्रा बैरी कल्याणपुर, सिंहपुर होते हुए बैकुंठपुर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर पहुंची। मार्ग में श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर पुष्प अर्पित किए और प्रसाद वितरित किया।