तहसील क्षेत्र के जहांगीराबाद गांव में सरकारी भूमि को कूट रचित दस्तावेजों के आधार पर अपने नाम दर्ज कराने का एक और मामला सामने आया है। हाल ही में यहीं पर दंपति द्वारा अपने नाम दर्ज कराई गई भूमि को प्रशासन ने वापस लिया था। घाटमपुर तहसीलदार अंकिता पाठक के नेतृत्व में गठित जांच टीम की रिपोर्ट में राजेश साहू और उनकी पत्नी पूजा साहू के नाम सात बीघा सरकारी जमीन गलत तरीके से दर्ज पाए जाने की पुष्टि हुई थी। जिस पर प्रशासन ने उसे वापस लेते हुए उक्त भूमि पर सरकारी भूमि होने का बोर्ड भी लगा दिया था। जांच दौरान ही गांव निवासी इस्मातून पत्नी इकबाल और श्रीपाल का नाम भी सामने आया है। आरोप है कि तहसील कर्मियों से सांठगांठ कर कूट रचित दस्तावेज तैयार कर भूमि अपने नाम दर्ज कराई गई। मामले में कार्रवाई करते हुए एसडीएम अविचल प्रताप सिंह ने 1.518 हेक्टेयर जमीन को पुनः सरकारी अभिलेखों में दर्ज करवा दिया है। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद हड़कंप मच गया है। एसडीएम ने बताया कि जहांगीराबाद में गड़बड़ी मिलने के बाद अब जहांगीराबाद और पतारा क्षेत्र की अन्य सरकारी जमीनों की भी जांच शुरू कर दी गई है। कूट रचित दस्तावेज बनाकर सरकारी भूमि हड़पने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।