श्रावण मास को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार शाम करीब 4 बजे एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह ने महराजपुर के हाथीगांव स्थित प्राचीन शिव मंदिर श्री नंदेश्वर धाम पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर परिसर की सुरक्षा, साफ-सफाई और भीड़ प्रबंधन व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एसीपी ने मंदिर समिति के उपाध्यक्ष हरिपाल सिंह और महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह से मंदिर की वर्तमान व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि श्रावण में भारी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, इसलिए सुरक्षा, पार्किंग, सफाई और भीड़ नियंत्रण की सभी व्यवस्थाएं पहले से पूरी कर ली जाएं। किसी भी श्रद्धालु को दर्शन में असुविधा न हो, इसे सर्वोच्च प्राथमिकता देने के सख्त निर्देश दिए गए। मंदिर परिसर का निरीक्षण करने के बाद एसीपी आशुतोष सिंह ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना की और क्षेत्रवासियों की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि श्रावण मास के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा और मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।