रेल गंगापुल के अप लाइन पर नये चैनल स्लीपर डालने का कार्य तेजी से हो रहा। बुधवार को 14 वें दिन 36 चैनल स्लीपर डाले गए। अभी तक लगभग 40 फीसदी काम पूरा होने की बात कही जा रही है। वहीं, मेमू ट्रेनों के फेरे न बढ़ने के कारण रोजाना कानपुर-लखनऊ आवागमन करने वाले यात्रियों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। रेल गंगापुल पर 20 मार्च से 42 दिनों का मेगा ब्लॉक लेकर चैनल स्लीपर बदलने का काम हो रहा। 14 दिन में यह कार्य पुल के आठ नंबर कोठी तक पहुंच गया है। कार्य में कोई कोताही न बरती जाए, इसके लिए वाई- फाई इंटरनेट प्रोटोकॉल, दो सीसीटीवी कैमरे कार्य स्थल पर मेगा ब्लॉक तक लगाए जाते हैं, रोजाना काम होने के बाद इन्हें हटाया जाता है, अगले दिन फिर से लगाया जाता है। ताकि दिल्ली और लखनऊ में बैठे रेल अफसर सीधे कार्य की मॉनिटरिंग कर सके।