उन्नाव आरटीओ से संचालित होने वाले ऑटो व ई-रिक्शा में पुलिस की ओर से अब यूनिक नंबर डाले जाने का काम कराया जा रहा है। पहले चरण में ऑटो में यूनिक नंबर डाले जाने का कार्य गंगाघाट कोतवाली पुलिस ने बुधवार को किया। इस दौरान 85 ऑटो चालकों का सत्यापन कर उनके ऑटो पर यूनिक नंबर डाले गए ताकि अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके। गंगाघाट कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि ऑटो और ई-रिक्शों के जरिए होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से उन्नाव पुलिस प्रशासन की ओर से यह पहल की गई है। इसमें उन्नाव आरटीओ नंबर से संचालित होने वाले सभी ऑटो और ई-रिक्शों में यूनिक नंबर डलवाए जाने का कार्य शुरू कराया गया है।