मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में शुक्रवार को एमबीबीएस-2020 बैच के 150 छात्र-छात्राओं की पासिंग सेरेमनी आयोजित हुई। एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने वाले विद्यार्थियों को शील्ड और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता को देते हुए उन्हें ऑक्सफोर्ड कैप पहनाई और खुशी में कैप हवा में उछालकर जश्न मनाया। ऑडिटोरियम सुबह से ही छात्र-छात्राओं, उनके माता-पिता और परिजनों से खचाखच भरा रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में लगातार नई चुनौतियां सामने आती हैं, जिनका धैर्य और समर्पण के साथ सामना करना होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से मरीजों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और आगे की पढ़ाई जारी रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दाैरान विद्यार्थियों ने समर्पित होकर सेवा करने का संकल्प लिया। डीन एकेडमिक डॉ. नूतन अग्रवाल ने कहा कि समाज में चिकित्सकों को भगवान का दर्जा दिया जाता है। ऐसे में प्रत्येक मरीज का बिना किसी भेदभाव के सम्मानपूर्वक उपचार करना डॉक्टरों की जिम्मेदारी है। इसके बाद सभी विद्यार्थियों को शील्ड और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। सम्मान ग्रहण करते समय ऑडिटोरियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं ने अपने माता-पिता को ऑक्सफोर्ड कैप पहनाकर सम्मान जताया और सामूहिक रूप से कैप उछालकर खुशी का इजहार किया।