विकासखंड सभागार में बबीना विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाली ग्राम पंचायतों के प्रधानों की बैठक में बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा ने एसआईआर के तहत छूटे मतदाताओं को जोड़ने का आह्वान किया। विधायक ने कहा कि यह एक राष्ट्रहित का कार्य है, सभी को इसमें पूरी तरह जुटकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। साथ ही उन्होंने सभी प्रधानों को बीस- बीस फार्म भी दिए। विधायक ने कहा कि वैसे तो अधिकांश पात्रों का पंजीकरण हो चुका है, जिसके लिए राजनैतिक व सरकारी मशीनरी लगी हुई है। इसके बावजूद जो छूट गए हैं, उन पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। इसके लिए केवल एक प्रमाण देना होगा कि उनके पूर्वज यहीं के निवासी थे। पंचायत चुनाव के बारे में उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के अनुसार चुनावी प्रक्रिया चल रही है एवं अधिकारी काम में लगे हैं। बैठक की अध्यक्षता राजकांतेश वर्मा ब्लॉक प्रमुख चिरगांव ने की। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी रामकुमार वर्मा, विनोद नायक, पूर्व ब्लाॅक प्रमुख मनमोहन सिंह, एडीओ पंचायत अश्विनी कुमार, प्रधान अतर सिंह दांगी, रविंद्र दांगी, वीरेंद्र यादव मियांपुर, रिंकू कुशवाहा चिरगांव देहात आदि मौजूद रहे।