जाैनपुर के सुजानगंज विकासखंड कार्यालय पर सही समय पर न खुलने के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अभिभावकों को खंड शिक्षा अधिकारी से मिलने के लिए इंतजार करना पड़ता है। डीएम के निर्देशानुसार कार्यालय 10 बजे खुल जाना चाहिए लेकिन 10:30 के बाद यहां का दरवाजा खुलता है। उसके बाद यहां के कर्मचारी आते हैं। शनिवार को पड़ताल में पता लगा कि 10 बजे खुलने वाला खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय 10:30 बजे खुलता है। 10:30 बजे चपरासी ने आकर खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय को खोला और उसके बाद भी कोई कर्मचारी नहीं आया। इस संबंध में जब खंड शिक्षा अधिकारी सुजानगंज किरण पांडेय से बात करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने अपना मोबाइल नहीं उठाया। उनके सहायक अजय कुमार सिंह ने बताया कि मैडम के मोबाइल पर कोई तीन दिन से गाली दे रहा है, इसलिए नहीं उठा रही हैं। इस संबंध में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मछली शहर कुमार सौरव ने बताया कि कार्यालय समय से खुलना चाहिए। फिलहाल इसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।