आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने कुचर्चित कफ सिरप मामले में एसटीएफ द्वारा अमित सिंह टाटा की गिरफ्तारी के समय गंभीर अनियमितता के आरोपों के संबंध में डीजीपी, यूपी को शिकायत भेज कर जांच की मांग की है। पत्र की प्रति मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव गृह को भी भेजी गई है। अपने पत्र में उन्होंने कहा है कि अंदरूनी सूत्रों के आधार पर उन्हें दी गई जानकारी के अनुसार अमित सिंह टाटा को उज्जैन से दर्शन करके लौटते समय बुलेट प्रूफ गाड़ी में पकड़ा गया, जिसमें पैसा और अवैध असलहा भी था। साथ ही बर्खास्त सिपाही आलोक प्रताप सिंह के होने की बात ही बताई गई है। अमिताभ ठाकुर ने कहा कि उच्चस्तरीय दबाव में पैसा और अवैध असलहा के साथ आलोक सिंह को छोड़े जाने और गाड़ी को बदले जाने बात उन्हें बताई गई है, जो अपने आप में गंभीर आरोप है। अतः उन्होंने डीजीपी से स्वयं मामले की जांच करते हुए समुचित कार्रवाई की मांग की है।