अस्पताल ले जाते समय महिला का ई-रिक्शा में ही प्रसव हो गया। परिजन उन्हें लेकर महिला अस्पताल पहुंचे तो स्ट्रेचर न मिलने की वजह से काफी देर तक गेट पर खड़े रहे। महिला का पति दूसरी मंजिल से स्ट्रेचर लेकर आया तब उन्हें भर्ती किया गया। महोलिया शिवपार के लालापुरवा के निकट रहने वाले सर्वेश कुमार की पत्नी हेमलता (44) को बृहस्पतिवार को प्रसव पीड़ा हुई। उन्होंने करीब 10 बजे एंबुलेंस को फोन लगाया, लेकिन उनकी बात पूरी नहीं हो सकी और फोन कट गया। उन्होंने समय न बर्बाद करते हुए ई-रिक्शा बुलाया और उससे ही हेमलता को लेकर महिला अस्पताल जाने को निकले। इसी बीच आनंद सिनेमा के सामने हेमलता का प्रसव ई-रिक्शा में हो गया। उन्होंने बेटे को जन्म दिया। ई-रिक्शा में प्रसव होने के साथ रक्तस्रताव भी अधिक होने लगा। इसको देखकर सर्वेश कुमार के हाथ पांव फूल गए। जैसे तैसे वह हेमलता को लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन गेट पर पहुंचने के बाद उन्हें काफी देर तक स्ट्रेचर नहीं मिला। सर्वेश ने बताया कि काफी ढूंढने के बाद दूसरी मंजिल पर स्ट्रेचर रखा मिला। वह उसे लेकर नीचे आए और ई-रिक्शा चालक व आशा की सहायता से स्ट्रेचर पर लिटाकर अंंदर लेकर गए और हेमलता को भर्ती कराया।