हापुड़ के थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात में कई स्थानों को निशाना बनाकर पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। चोर जहां गांव सलोनी की मढ़ैया में एक घर के अंदर से भैंस चोरी कर ले गए, वहीं रेरुआ के जंगलों में तीन किसानों के ट्यूबवेलों से कीमती सामान चोरी कर लिया। गांव सलोनी की मढ़ैया निवासी रामवीर सिंह पुत्र रामकुमार के अनुसार, रात के समय उनकी भैंस घर के अंदर बंधी हुई थी। देर रात चोर चुपके से घर में घुसे और भैंस चोरी कर ले गए। सुबह जब परिवार के लोग जागे तो भैंस गायब देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना तत्काल थाना बहादुरगढ़ पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।