कोतवाली क्षेत्र में हाइवे-9 पर मंगलवार को सड़क हादसे में स्कॉर्पियो चालक की मौत हो गई। जिंदल बिजलीघर के पास सड़क किनारे खड़े कंटेनर में स्कॉर्पियो की जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद हाइवे पर जाम लग गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के अनुसार ढबारसी गांव निवासी नौशाद गाजियाबाद की ओर से स्कॉर्पियो लेकर अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह फ्लाईओवर से नीचे उतरा, कुछ दूरी आगे जाकर उसकी स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े कंटेनर से टकरा गई। टक्कर के बाद चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन अस्पताल पहुंच गए और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। दुर्घटना के कारण हाइवे पर यातायात प्रभावित हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। इसके बाद कंटेनर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।