जलालपुर थाना क्षेत्र के पुरैनी गांव में रविवार सुबह गांव के बाहर खेत में एक मजूदर का संदिग्ध अवस्था में लहूलुहान शव पड़ा मिला। शव के सिर पर चोट के निशान हैं। वहीं घटना स्थल पर खून से सनी ईंट एक सल्फास की शीशी, शराब, पानी की बोतल, एक ग्लास व नमकीन की पुड़िया भी मिली। परिजनों के अनुसार सात जून को मजदूर की बेटी की शादी होनी थी, इसे लेकर वह रुपयों के लिए परेशान था। ईंट भट्ठे में मजदूरी करने वाला पुरैनी गांव निवासी परमेश्वरी दयाल (45) बीते 11 मई को घर आया। शनिवार शाम घर से निकलने के बाद वह वापस घर नहीं पहुंचा। तलाश में जुटे परिजनों को उसके संबंध में कोई जानकारी नहीं हो सकी। रविवार सुबह ग्रामीण खेतों की तरफ गए तो उन्हें गंगादीन के खेत में खून से लथपथ एक शव दिखा। जानकारी पाकर आसपास के गांवों के लोगों की भीड़ लग गई।