सीएचसी में बुधवार को एक प्रसव पीड़िता ने खूब हंगामा काटा। प्रसव के दौरान वह लेबर रूम से भाग खड़ी हुई और सीएचसी के बाहर आकर बैठ गई। प्रसूता निजी अस्पताल में प्रसव कराने की जिद में अड़ी रही। इस दौरान अस्पताल में लोगों की भारी भीड़ जुटी रही। क्षेत्र के सिवनी डेरा निवासी नरेश पाल ने बताया कि उसकी पत्नी काजल (22) को पहला बच्चा होना है। पत्नी को प्रसव पीड़ा होने पर उसे सीएचसी लेकर आए। प्रसव पीड़ा के दौरान स्टॉफ नर्स द्वारा उसे लेबर रूम ले जाया गया, लेकिन काजल नर्स और डॉक्टर को धक्का मारकर जबरन वहां से भाग खड़ी हुई और सीएचसी गेट के पास बैठ गई। महिला निजी अस्पताल में प्रसव कराने की जिद करने लगी। ड्यूटी पर तैनात डॉ. मनुलिका वर्मा ने बताया कि काजल की डिलीवरी होने का समय आ गया है और सामान्य डिलीवरी होने की संभावना है। लेकिन, वह यहां पर प्रसव नहीं कराना चाहती। इसके चलते वह लेबर रूम से जबरन भाग खड़ी हुई।