गोंडा-लखनऊ मार्ग पर बालपुर जाट के तिवारी पुरवा मोड़ के पास बुधवार को रोडवेज बस की चपेट में आकर 14 वर्षीय किशोर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। लक्ष्मणपुर जाट के फकीरन पुरवा निवासी मो. इस्तखार का पुत्र फैजान (14) पढ़ाई के लिए बालपुर बाजार कॉपी लेने साइकिल से गया था। बाजार से लौटते समय तिवारी पुरवा मोड़ के पास पीछे से आ रही कैसरबाग डिपो की रोडवेज बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि किशोर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।