गोंडा जिले के सनौली मोहम्मदपुर क्षेत्र अंतर्गत उदयभान पाही में बुधवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया। ग्रेटर नोएडा से अपनी सास के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए युवक को नदी में नहाते समय मगरमच्छ खींच ले गया। जानकारी के अनुसार, उमरी निवासी बाबूलाल शर्मा की पोती से दीपक की शादी हुई थी। सास के निधन की सूचना मिलने पर दीपक ग्रेटर नोएडा से गोंडा आया था। अंतिम संस्कार की रस्में पूरी होने के बाद वह नदी में नहाने गया था। इसी दौरान अचानक एक मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया और उसे गहरे पानी में खींच ले गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंचे गोताखोरों और ग्रामीणों द्वारा युवक की तलाश के लिए नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। काफी देर तक खोजबीन के बावजूद युवक का पता नहीं चल सका था।